Anp News Live रेलवे प्रशासन द्वारा मंडल के कोतरलिया गुड्स शेड में रखे लगभग 800 टन अनक्लेम्ड कोयले की खुली नीलामी आयोजित की जाएगी। यह नीलामी 4 सितम्बर 2026, शुक्रवार को दोपहर 12 बजे कोतरलिया रेलवे स्टेशन स्थित मुख्य स्टेशन प्रबंधक कार्यालय में होगी।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि नीलामी सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। इच्छुक व्यक्ति, फर्म और संस्थान निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर नीलामी प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
सर्वोच्च बोलीदाता को मिलेगा कोयला
नीलामी प्रक्रिया में नियमानुसार सबसे अधिक बोली लगाने वाले व्यक्ति अथवा संस्था के पक्ष में नीलामी स्वीकृत की जाएगी। सफल बोलीदाता को खरीदे गए कोयले की पूरी राशि के साथ 18 प्रतिशत जीएसटी का भुगतान नीलामी स्थल पर ही करना होगा।
भुगतान नकद अथवा डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) के माध्यम से किया जा सकेगा।
10 दिनों के भीतर हटाना होगा कोयला
नीलामी में सफल बोलीदाता को नीलामी की तिथि से 10 दिनों के भीतर अपने जोखिम और खर्च पर कोयले को रेलवे परिसर से हटाना अनिवार्य होगा।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के भीतर सामग्री नहीं हटाने या इसके संबंध में उत्पन्न होने वाली किसी भी जिम्मेदारी का वहन रेलवे प्रशासन द्वारा नहीं किया जाएगा।
रेलवे की इस खुली नीलामी में कोयला खरीदने के इच्छुक व्यापारी, फर्म एवं संस्थान भाग ले सकते हैं। लगभग 800 टन कोयले की नीलामी को देखते हुए स्थानीय व्यापारिक क्षेत्र के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
