बिलासपुर स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का GM तरुण प्रकाश ने लिया जायजा

Anp News Live Bilaspur दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बुधवार को बिलासपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर वहां चल रहे मेजर स्टेशन रिडेवलपमेंट एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (आरएसपी), प्रधान मुख्य इंजीनियर, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधक सहित मुख्यालय और मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

महाप्रबंधक ने स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का विस्तृत अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति, कार्य पूर्ण करने की समय-सीमा और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने स्टेशन पुनर्विकास से संबंधित मॉडल एवं ले-आउट प्लान का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने कहा कि स्टेशन पुनर्विकास के दौरान यात्रियों की सुविधा, संरक्षा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। निर्माण कार्यों के चलते यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा यात्रियों के आवागमन वाले क्षेत्रों में पर्याप्त सावधानी बरतने को कहा। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में स्वच्छता, सुगम यात्री आवागमन और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।

प्लेटफार्म और फुट ओवर ब्रिज का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने बिलासपुर स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्मों, फुट ओवर ब्रिज और अन्य महत्वपूर्ण यात्री क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को यात्री अनुभव को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ लगातार निगरानी जरूरी है।

नए स्टेशन भवन और प्रवेश द्वार के निर्माण की समीक्षा

महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर में निर्माणाधीन नए स्टेशन भवन का स्थल निरीक्षण भी किया। उन्होंने भवन के विभिन्न हिस्सों में चल रहे कार्यों की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की गति की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार आगे बढ़ाया जाए।

इसके अलावा उन्होंने स्टेशन के दूसरे छोर पर निर्माणाधीन प्रवेश द्वार का भी निरीक्षण किया। वहां चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

आधुनिक सुविधाओं से बेहतर होगा यात्री अनुभव

बिलासपुर स्टेशन का पुनर्विकास यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद स्टेशन पर बेहतर आवागमन व्यवस्था, सुविधाजनक प्रवेश और निकास, आधुनिक यात्री सुविधाएं तथा अधिक सुव्यवस्थित परिसर उपलब्ध होने की उम्मीद है।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्विकास से जुड़े सभी कार्यों में आपसी समन्वय बनाए रखते हुए गुणवत्ता, समयबद्धता और संरक्षा के मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।

 

Related Post