रायगढ़- पुलिस ने शुक्रवार को अभियान चलाते हुए शहर में जब्त किए गए 200 मॉडिफाइड साइलेंसरों को पुलिस सामुदायिक भवन के सामने स्थित सीसी रोड पर पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल की मौजूदगी में रोड-रोलर से नष्ट कर दिया। तेज आवाज वाले इन साइलेंसरों के कारण लोगों को होने वाली परेशानी और सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती आशंका को देखते हुए यह सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को सुधारने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत इस साल अब तक 35,000 वाहनों पर चालान किया गया है, जिनसे करीब 3.45 करोड़ रुपये समन शुल्क के रूप में सरकार के खाते में जमा हुए हैं। यह राशि नियमों के पालन की दिशा में पुलिस की सतत कार्रवाई को दर्शाती है।
एसपी पटेल ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। शहर में बढ़ रहे मॉडिफाइड साइलेंसरों के उपयोग से जहां शोर प्रदूषण बढ़ रहा था, वहीं दुर्घटनाओं का जोखिम भी बढ़ रहा था। इसी वजह से पुलिस ने इन साइलेंसरों को जब्त कर नष्ट करने का निर्णय लिया।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अनावश्यक वाहन संशोधन से बचें और सुरक्षित व शांतिपूर्ण यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
