कोंडागांव, 6 अक्टूबर 2025|अंजुमन इस्लामिया कमेटी, कोंडागांव के मुतवल्ली पद के लिए सोमवार को सामुदायिक भवन कोंडागांव में शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक चुनाव सम्पन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अजय कुमार उरांव की अध्यक्षता में तथा नियंत्रण अधिकारी नायब तहसीलदार नरेंद्र सिंह एवं गठित निर्वाचन समिति की देखरेख में की गई।
चुनाव में दो प्रत्याशी मैदान में थे — इरशाद खान (चुनाव चिन्ह: टेनिस बल्ला व गेंद) तथा सैय्यद शफीक (चुनाव चिन्ह: फुटबॉल खिलाड़ी)। कुल 545 मतदाताओं में से 435 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो लगभग 79.80% मतदान प्रतिशत को दर्शाता है। इनमें से 431 मत वैध पाए गए, जबकि 4 मतों को अमान्य घोषित किया गया।

गणना उपरांत घोषित परिणाम के अनुसार सैय्यद शफीक को 218 मत मिले जबकि उनके प्रतिद्वंदी इरशाद खान को 213 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार सैय्यद शफीक ने महज 5 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। परिणाम की औपचारिक घोषणा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा की गई एवं विजयी प्रत्याशी को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण रही। इसमें पुलिस प्रशासन, नगरपालिका, स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग ने सराहनीय सहयोग प्रदान किया। मतदान केंद्र में निर्वाचन समिति के सदस्यों द्वारा मतदाताओं को पर्चियां एवं अन्य आवश्यक सुविधा प्रदान की गईं।
विशेष उल्लेखनीय रहा कि दिव्यांग मतदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाई।
निर्वाचन समिति के समन्वयक बी. ए. खान (सेवानिवृत्त मुख्य नगरपालिका अधिकारी) ने जानकारी दी कि मतदान प्रातः 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ एवं मतगणना भी मतदान स्थल पर ही की गई।
निर्वाचन समिति में सहायक प्राध्यापक नसीर अहमद, बीआरसी ताहिर खान, प्रधान अध्यापक फ़ज़ल मोहम्मद खान, शिक्षक अली शेख, सहायक ग्रेड-2 शकील खान तथा कंप्यूटर शिक्षक जुबैर खान की सक्रिय भूमिका रही।
शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित चुनाव संचालन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी विभागों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
