कोंडागांव, 8 सितम्बर 2025 — शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अंग्रेजी माध्यम ब्लॉक कॉलोनी, कोंडागांव में शाला प्रबंधन समिति एवं विद्यार्थियों द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्षद मनीष श्रीवास्तव (तहसीलपारा वार्ड), विशिष्ट अतिथि सुब्रत राय एवं अध्यक्षता कर रहे राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक पवन कुमार साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका श्रीमती किरण देवांगन सहित सभी शिक्षकों – मलखम नेताम, राहुल शर्मा, प्रभंजन मिश्रा, श्रीमती पूजा शुक्ला एवं सुश्री भूमिका गौतम – को साल, श्रीफल, लेखनी एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि मनीष श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में गुरु की महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि "गुरु जीवन के पथ प्रदर्शक होते हैं।" अध्यक्ष पवन साहू ने भी विद्यार्थियों को सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसमें रश्मि मंडल, लतिका पटेल, उपासना नायक (कक्षा 8वीं) सहित अन्य विद्यार्थियों ने नृत्य एवं गीत प्रस्तुत किए। भाषण प्रतियोगिता में नैनित छाबड़ा (कक्षा 8वीं) व एस. लोविक (कक्षा 7वीं) ने भाग लिया। राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल विजेता प्रीतेश सिंह (कक्षा 6वीं) को शिक्षाविद पवन साहू द्वारा लेखनी भेंटकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के लिए स्नेह भोज (नेवता भोज) का आयोजन कर उन्हें विशेष सम्मान दिया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, रसोइया ममता साहू, यामिनी, ललिता वैद्य एवं समस्त छात्र-छात्राओं का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन शिक्षक राहुल शर्मा द्वारा किया गया।
