रोजगार एवं आवास दिवस पर लंबित कार्यों के निराकरण की बनी कार्ययोजना

मरवाही की सभी ग्राम पंचायतों में हुआ आयोजन, आवास निर्माण और रोजगारमूलक कार्यों को समयबद्ध पूरा करने पर जोर

मरवाही। जिला पंचायत सीईओ मुकेश राउटे के मार्गदर्शन में 7 सितंबर 2026 को जनपद पंचायत मरवाही की सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के लंबित कार्यों एवं समस्याओं का ग्राम पंचायत से लेकर विकासखंड और जिला स्तर तक शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करना रहा।

आवास दिवस के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) सहित अन्य आवास योजनाओं के तहत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के लिए ग्राम पंचायतवार कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई। हितग्राहियों को नियमानुसार त्वरित राशि हस्तांतरण करने, हस्तांतरित राशि की जानकारी उपलब्ध कराने तथा आवास निर्माण से संबंधित समस्याओं के समाधान पर भी विशेष जोर दिया गया।

जल संरक्षण और जियो-टैगिंग पर भी जोर

आवास हितग्राहियों को रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए जनभागीदारी हेतु प्रेरित किया गया। वहीं लंबित जियो-टैगिंग कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए आवश्यक कार्ययोजना बनाने पर सहमति बनी।

रोजगार दिवस के दौरान मनरेगा एवं VB-G-RAM-G के अंतर्गत चल रहे सभी प्रगतिरत कार्यों को जल्द पूरा कराने तथा ग्रामीणों की मांग के आधार पर प्रत्येक ग्राम पंचायत में नए कार्य प्रारंभ करने को लेकर चर्चा की गई। ग्राम सभा के प्रस्ताव के अनुक्रम में सैचुरेशन बेसिस के तीन प्राथमिकता वाले कार्यों को स्वीकृत कर दिसंबर 2026 तक पूरा करने की योजना बनाई गई।

बालिका शौचालय निर्माण को प्राथमिकता

मेरी बेटी, मेरा अभिमान अभियान के तहत शत-प्रतिशत शासकीय विद्यालयों में मांग के आधार पर बालिका शौचालय निर्माण को लेकर भी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इसका उद्देश्य विद्यालयों में बालिकाओं के लिए बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

आजीविका संवर्धन और सोन नदी पुनरुद्धार की योजना

कार्यक्रम में निर्मित आजीविका डबरी एवं नवा तरिया के माध्यम से हितग्राहियों तथा सीएलएफ के लिए आजीविका संवर्धन की कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही धार अपार अभियान के तहत सोन नदी के पुनरुद्धार के लिए भी आवश्यक कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया गया।

VB-G-RAM-G एवं PMAY-G के कार्यों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए QR कोड के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने तथा स्वीकृत कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता, पारदर्शिता और निर्धारित मापदंडों के पालन को सुनिश्चित करने पर भी व्यापक चर्चा की गई।

 

कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

Related Post