कोंडागांव, 24 जून 2026 | बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने मंगलवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में 1 करोड़ 66 लाख 72 हजार रुपये की लागत से 19 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है, जिससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
विधायक ने चिखलपुटी, कुकाड़गारपाल, बड़ेकनेरा, बड़ेबेंदरी और छोटेभिरावंड ग्राम पंचायतों में सामुदायिक भवन, सीसी सड़क, स्कूल भवन, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, शेड निर्माण, रंगमंच, स्नानघाट तथा मुक्तिधाम निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इनमें सबसे अधिक 46.79 लाख रुपये के आठ कार्य बड़ेकनेरा पंचायत में स्वीकृत किए गए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, जनपद अध्यक्ष अनिता कोर्राम सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विकास कार्यों की सौगात मिलने पर ग्रामीणों ने विधायक का आभार व्यक्त किया।
