कोंडागांव, 31 मई 2026 | पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा की पहल "सहयोग चौपाल" के तहत ग्राम मिरमिंडा में लंबे समय से चल रहे सामाजिक विवाद का सफल निराकरण किया गया। गांव में गांडा समाज और अन्य ग्रामीणों के बीच सामाजिक बहिष्कार को लेकर मतभेद उत्पन्न हो गया था, जिससे गांव दो गुटों में विभाजित हो गया था।
विवाद की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माकड़ी ज्ञानेंद्र सिंह चौहान और तहसीलदार माकड़ी अंकुर रात्रे के नेतृत्व में गांव में सहयोग चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी बातें सुनी गईं और आपसी भाईचारा, सामाजिक सहभागिता तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए समझाइश दी गई।
चर्चा के बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने पर राजी हो गए, जिसके पश्चात पंचनामा तैयार किया गया। कोंडागांव पुलिस ने कहा कि "सहयोग चौपाल" अभियान जिलेभर में जारी रहेगा, ताकि ग्रामीणों की छोटी-बड़ी समस्याओं और विवादों का स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान किया जा सके।
