कोंडागांव, 13 जून 2025 — कोंडागांव विधानसभा क्षेत्र की विधायक सुश्री लता उसेंडी ने शुक्रवार को सुबह 8:30 बजे नगर के विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्डवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा क्षेत्र में जारी विकास एवं निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।
इस निरीक्षण अभियान के तहत उन्होंने सड़क, नाली, पेयजल व्यवस्था और सफाई जैसे मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। सुश्री उसेंडी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण हों।
निरीक्षण के दौरान सुश्री लता उसेंडी बंधा तालाब गार्डन भी पहुँचीं, जहाँ उन्होंने गार्डन में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कार्य की गति और गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए स्थानीय अधिकारियों से निरंतर निगरानी रखने की अपील की।
विधायक ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएँ समय पर और अच्छी गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, सीएमओ दिनेश डे, अन्य जनप्रतिनिधि, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
