तेज रफ्तार का कहर: ट्रेलर ने तोड़ा सिग्नल पोल, 1.5 लाख का नुकसान

Anp News Live, Korba शहर के व्यस्त टीपी नगर चौक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना एक बार फिर भारी पड़ गया। ट्रेलर की जोरदार टक्कर से ट्रैफिक सिग्नल पोल सहित पूरा सिस्टम क्षतिग्रस्त हो गया। इस मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 की देर रात लगभग 1:30 बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौक स्थित राजस्थानी होटल के सामने ट्रेलर क्रमांक CG 12 BG 7284 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ट्रैफिक सिग्नल के एडवर्टाइजिंग पोल को टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैफिक सिग्नल लाइट, विज्ञापन बोर्ड, काउंटडाउन टाइमर तथा निगम का कैमरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे करीब 1 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक क्षति हुई।

घटना की रिपोर्ट राघव एडवरटाइजिंग कंपनी में कार्यरत दिनेश कुमार आदित्य द्वारा चौकी सीएसईबी में दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 368/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस, 184 मोटर व्हीकल एक्ट एवं सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सिविल लाइन रामपुर एवं चौकी सीएसईबी पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक रामलाल अगरिया (24 वर्ष), निवासी ग्राम परला खतौउहा पारा थाना बांगो, को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त ट्रेलर वाहन को भी जप्त कर लिया गया है।

आरोपी को 29 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत की गई।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, ताकि ऐसे हादसों और सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान से बचा जा सके।

Related Post