152 करोड़ रुपये के 43 विकास कार्यों की सौगात, मुख्यमंत्री ने कोंडागांव में विकास का नया अध्याय लिखा

कोंडागांव, 2 जून 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोंडागांव जिले को 152.19 करोड़ रुपये की लागत के 43 विकास कार्यों की ऐतिहासिक सौगात दी। इनमें 96.31 करोड़ रुपये के 14 कार्यों का लोकार्पण तथा 55.88 करोड़ रुपये के 29 नए कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

Uploaded Image

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केवल घोषणाओं में नहीं, बल्कि धरातल पर विकास कार्यों के माध्यम से जनता के जीवन में बदलाव लाने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, पेयजल, सिंचाई और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।

Uploaded Image

लोकार्पित कार्यों में 77.06 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 8.89 किलोमीटर लंबा कोंडागांव बाइपास मार्ग प्रमुख है, जिससे शहर को यातायात जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिलेगी। वहीं भंवरडीह नदी पर 7.17 करोड़ रुपये की लागत से बने उच्च स्तरीय पुल का भी लोकार्पण किया गया।

 

मुख्यमंत्री ने पांच एकल ग्राम जल प्रदाय योजनाओं, गिरोला में आयुष आरोग्य मंदिर तथा कुम्हारपारा और मर्दापाल में महतारी सदनों का भी लोकार्पण किया। भूमिपूजन कार्यों में कोपाबेड़ा और कुसमा जलाशयों के जीर्णोद्धार, पांच नए उच्च स्तरीय पुलों तथा बड़े कनेरा में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

 

इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से कोंडागांव सहित पूरे बस्तर क्षेत्र में आवागमन, सिंचाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था मजबूत होगी तथा ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बस्तर के अंतिम छोर तक विकास और सुशासन पहुंचाना है।

Related Post