कोंडागांव, 14 अगस्त। ग्राम पंचायत छोटे उसरी, विकासखंड कोंडागांव, तहसील मर्दापाल क्षेत्र में पुलिया निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों को बरसात के मौसम में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया निर्माण की मांग को लेकर पहले शिकायत भी की जा चुकी है, इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
पुलिया नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने आवागमन के लिए पानी के रास्ते में लकड़ियां डालकर अस्थायी व्यवस्था बनाई है। इसी जोखिम भरे रास्ते से बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और किसानों को आने-जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।

ग्रामीणों की समस्या की जानकारी मिलने पर बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के कोंडागांव जिला अध्यक्ष उदय भंडारी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिया स्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से उनकी समस्याएं सुनीं।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तत्काल स्थल का निरीक्षण कर पुलिया का स्थायी निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान आवागमन सुचारु हो सके और किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे।

ग्रामीणों का सवाल है कि शिकायत के बावजूद पुलिया निर्माण में आखिर देरी क्यों हो रही है? क्या उन्हें इसी तरह जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ेगा? अब देखना होगा कि संबंधित विभाग ग्रामीणों की इस समस्या का समाधान कब तक करता है।
