कोंडागांव, 21 जून 2026 | अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा 23 एवं 24 जून को चिखलपुट्टी स्थित गायत्री आश्रम में जिला स्तरीय गायत्री जयंती एवं धर्म सभा-सांस्कृतिक समागम का आयोजन किया जाएगा। गंगा दशहरा और गायत्री जयंती के पावन अवसर पर आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में जिले भर के प्रज्ञा परिजन, धर्माचार्य, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु शामिल होंगे।
गायत्री परिवार के अनुसार आयोजन का उद्देश्य चिखलपुट्टी आश्रम को बस्तर संभाग के सातों जिलों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना तथा साधना, स्वास्थ्य संवर्धन, नशामुक्ति, कुरीति उन्मूलन, नारी जागरण, पर्यावरण संरक्षण एवं गुरुकुल आधारित शिक्षा जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
23 जून को मोटरसाइकिल शोभायात्रा, संध्याकालीन संगीत प्रवचन तथा अखंड जप का आयोजन होगा। वहीं 24 जून को मां गंगा एवं गायत्री का अवतरण पूजन, नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ, धर्म सभा एवं सांस्कृतिक समागम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में माताजी के जन्म शताब्दी संकल्पों को साकार करने के लिए सामूहिक शपथ और नवयुग के संविधान का वाचन भी किया जाएगा। आयोजन के समापन पर प्रसाद वितरण एवं विदाई कार्यक्रम होगा।
