कोंडागांव, 31 मई 2026 | शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेन्द्र देवांगन ने कोंडागांव के सरगी गार्डन की जर्जर होती स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। उन्होंने मीडिया को जारी बयान में कहा कि कांग्रेस शासनकाल में शहर को हरित एवं स्वच्छ वातावरण देने के उद्देश्य से विकसित किए गए सरगी गार्डन में ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक, जॉगिंग ट्रैक, बच्चों के झूले तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं, जिनका लाभ बड़ी संख्या में नागरिक उठाते रहे हैं।
देवांगन ने आरोप लगाया कि नियमित रखरखाव के अभाव में ओपन जिम के कई उपकरण खराब हो चुके हैं, झूलों की चेन टूट गई हैं तथा अन्य सुविधाएं भी जर्जर अवस्था में पहुंच गई हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि गार्डन में स्थापित वाटर कूलर पिछले कई महीनों से बंद पड़ा है, जिससे सुबह-शाम आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेता ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए सरगी गार्डन के पुनरुद्धार, आवश्यक मरम्मत और नियमित रखरखाव की व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि सरगी गार्डन कोंडागांव की पहचान और शहर की सुंदरता का महत्वपूर्ण केंद्र है, जिसे संरक्षित और विकसित किया जाना चाहिए।
