CM साय 10 सितंबर को करेंगे आदिवासी प्राधिकरण की अहम बैठक

कोरबा। मुख्यमंत्री श्विष्णुदेव साय आगामी 10 सितंबर 2025 को कोरबा प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

 

मंत्रीगण व सदस्य होंगे शामिल

 

बैठक में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्रीगण, प्राधिकरण के 51 सदस्य और 24 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न जिलों में स्वीकृत कार्यों की समीक्षा के साथ सुझाव और शिकायतों पर भी चर्चा की जाएगी।

प्राधिकरण के अंतर्गत कोरबा सहित गोरेला-पेंड्रा-मरवाही, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, राजनांदगांव, बलौदाबाजार-भाटापारा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बालोद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कबीरधाम, बिलासपुर, रायगढ़ एवं सक्ती जिला आते हैं।

 

कलेक्टर ने ली तैयारियों की समीक्षा

 

बैठक की तैयारी को लेकर कलेक्टर अजीत वसंत ने विभागीय अधिकारियों की बैठक ली और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए और बैठक स्थल पर सभी जरूरी व्यवस्थाएँ समय पर पूरी हों।

 

कलेक्टर ने वीवीआईपी और अधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत और बैठक कक्ष की साफ-सफाई जैसी सुविधाओं की व्यक्तिगत निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर में लगने वाले विभागीय स्टॉलों के माध्यम से मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले हितग्राहियों की जानकारी तैयार रखने के लिए भी कहा।

 

प्रशासन-पुलिस अधिकारियों ने किया निरीक्षण

 

कलेक्टर अजीत वसंत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने संयुक्त रूप से कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रवेश द्वार, पार्किंग स्थल, बैठक कक्ष, रोड क्लीयरेंस, एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स, पेयजल व विद्युत व्यवस्था का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Post