आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान से जन-जन को जोड़ने का आह्वान — टिकेश्वर जैन

कोंडागांव, 9 अक्टूबर: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता टिकेश्वर जैन ने आज भाजपा कार्यालय अटल सदन, कोंडागांव में पत्रकारों से चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “आत्मनिर्भर भारत–संकल्प अभियान” की जानकारी दी और इसे जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।

 

टिकेश्वर जैन ने बताया कि यह अभियान 25 सितंबर, पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती से शुरू होकर 25 दिसंबर, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती तक चलेगा। इसका उद्देश्य “हर घर स्वदेशी – घर-घर स्वदेशी” का संदेश पहुँचाना और ‘Vocal for Local’ को जनआंदोलन बनाना है।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेज़ी से विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर है। हाल ही में जीएसटी सुधार और आयकर दरों में छूट जैसे फैसलों ने व्यापारिक माहौल को सरल बनाया है।

उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2014–15 में भारत का रक्षा निर्यात जहाँ ₹1,941 करोड़ था, वहीं 2024–25 में यह बढ़कर ₹23,622 करोड़ हो गया है। साथ ही, 100 से अधिक यूनिकॉर्न स्टार्टअप्स का बनना आत्मनिर्भर भारत की सफलता का प्रतीक है।

 

श्री जैन ने कहा कि छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर भारत का अग्रणी राज्य बनाने के लिए भाजपा पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राज्य का लक्ष्य अगले पाँच वर्षों में GSDP को दोगुना कर ₹10 लाख करोड़ तक पहुँचाने का है। इसके लिए स्थानीय उत्पादों जैसे बस्तर की लोककला, चांपा का कोसा, जशपुर की कॉफी, डोकरा कला और टेराकोटा को राष्ट्रीय व वैश्विक बाजारों से जोड़ा जा रहा है।

 

उन्होंने महिला स्वसहायता समूहों के योगदान की भी सराहना की, जिन्होंने हर्बल व जैविक उत्पादों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है।

 

प्रवक्ता ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत केवल आर्थिक नहीं, बल्कि देशभक्ति से जुड़ा संकल्प है। प्रधानमंत्री का संदेश है — “गर्व से कहो — यह स्वदेशी है।” उन्होंने सभी नागरिकों से आगामी पर्वों — नवरात्रि, दशहरा और दीपावली पर स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

 

अंत में श्री जैन ने सभी से आत्मनिर्भर भारत अभियान को सफल बनाने और विकसित भारत तथा सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

 

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सेवक राम नेताम, दीपेश अरोरा, मनोज जैन, गोपाल दीक्षित, आकाश मेहता, नरपति पटेल, कुलवंत चहल, मनोज ध्रुव, संतोष पात्र समेत अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post