कोयला को लेकर हुए विवाद पर साथियों के साथ मिलकर की बेरहमी से पिटाई, हत्या के प्रयास की धारा तहत दो के खिलाफ कार्रवाई

कोरबा। कोयला को लेकर हुए विवाद के बाद दो दोस्त के बीच रंजिश चली आ रही थी। इस रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। अपने ही हमनाम दोस्त की युवक ने साथियों के साथ मिलकर अधमरा होते तक पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में हत्या के प्रयास की धारा के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस आरोपियों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी कर सकती है, ताकि क्षेत्र में अमन चैन कायम रह सके। बताया जा रहा है कि दीपका थानांतर्गत समलाई नगर में राहुल सिंह निवास करता है। वह मूलत: ग्राम मनियाराडीह, थाना नबीनगर, जिला औरंगाबाद बिहार हाल मुकाम झाबर निवासी राहुल सिंह व चंदन सिंह के साथ कोयले का काम करता था। बीते दिनों खदान से कोयला लोड कर वाहन का चालक साइड पर पहुंचा। हमनाम होने के कारण कोयला अनलोड करने में चूक हो गई। जिसे लेकर दोनों दोस्त के बीच विवाद हो गया।

इस विवाद के बाद झाबर का रहने वाला राहुल सिंह मौके की तलाश में था। राहुल 22 अप्रैल को ड्यूटी कर घर लौट रहा था। वह क्रांति दुकान के पास पहुंचा था। इसी दौरान राहुल व चंदन अपने साथियों के साथ कार में सवार होकर पहुंचे। उन्होंने राहुल को रोककर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उस पर लाठी डंडों से भी जानलेवा हमला कर दिया। वे लोगों को आते देख मौके से भाग निकले। मौके पर पहुंचे लोगों ने राहुल को इलाज के लिए अस्पताल दाखिल कराया।

उसने अस्पताल में इलाज के उपरांत थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। मामले से थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने आला अफसरों को अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आला अफसरों ने सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए। उनके निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा के तहत जुर्म पंजीबद्ध कर लिया। मामले में पुलिस ने राहुल सिंह व चंदन सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। खासबात तो यह है कि क्षेत्र में अमन चैन कायम रखने पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। जिसके तहत असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई भी शामिल है। इसी कड़ी में आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने जिला बदर की कार्रवाई करने तैयारी शुरू कर दी है।

Related Post