Anp News live Bilaspur दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बिलासपुर स्थित कोचिंग डिपो का निरीक्षण कर यात्री सुरक्षा, अग्नि संरक्षा और कोच अनुरक्षण व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पिट लाइन, पावर कारों की तकनीकी स्थिति तथा विभिन्न मेंटेनेंस कार्यों का जायजा लिया।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पावर कार इंजनों के ओवरड्यू शेड्यूल समय पर पूरे किए जाएं और सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अग्नि सुरक्षा से जुड़े विद्युत परीक्षणों को अत्यंत गंभीर बताते हुए नियमित जांच और पावर पैनल में आने वाली खराबियों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि मल्टीमीटर, टोंग टेस्टर और थर्मल स्कैनर जैसे महत्वपूर्ण उपकरण हमेशा उपलब्ध रहें, जिससे लूज कनेक्शन, ओवर करंट और हॉट स्पॉट जैसी तकनीकी समस्याओं की समय रहते पहचान की जा सके। साथ ही ऑन बोर्ड स्टाफ को फ्यूज सहित आवश्यक स्पेयर और उपभोग्य सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
महाप्रबंधक ने पिट लाइन से रेक निकासी से पहले रेक लॉकिंग सुनिश्चित करने तथा यार्ड एवं स्टेशन यार्ड में खड़ी रेकों की नियमित जांच के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रेनों के प्रस्थान से पहले कोच खोलने और रेकों की प्री-कूलिंग सुनिश्चित करने को भी आवश्यक बताया, ताकि यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के अंत में उन्होंने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में सभी रेकों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्री सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
