गाजीपुर-डिस्ट्रिक्ट इलेक्ट्रिसिटी कमेटी की बैठक में गूंजी जखनियां की बिजली समस्याएं

Anp News Live गाज़ीपुर। जनपद गाज़ीपुर स्थित राइफल क्लब में आयोजित डिस्ट्रिक्ट इलेक्ट्रिसिटी कमेटी की बैठक में जखनियां विधायक बेदी राम ने विधानसभा क्षेत्र की बिजली समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए अधिकारियों से त्वरित समाधान की मांग की। बैठक में बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ जनपद की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

 

बैठक के दौरान विधायक ने कहा कि जखनियां विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों और कस्बों में उपभोक्ता लो वोल्टेज, अनियमित विद्युत आपूर्ति, जर्जर तारों, खराब ट्रांसफार्मरों और बार-बार होने वाले फाल्ट की समस्या से जूझ रहे हैं। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को मजबूत किया जाए तथा खराब ट्रांसफार्मरों को समयबद्ध तरीके से बदला जाए। साथ ही ओवरलोडिंग की समस्या का स्थायी समाधान निकालने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

 

विधायक ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर उपभोक्ता को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिजली व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।

 

बैठक में मौजूद विभागीय अधिकारियों ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। साथ ही जनपद की विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं और सुधार कार्यों पर भी चर्चा की गई, ताकि लोगों को सुचारु और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।

Related Post