Anp News live Bilaspur जिले के ग्राम गतौरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में चल रहे बड़े जुए के अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सीएसपी सिविल लाइन और एसडीओपी कोटा के नेतृत्व में की गई, जहां फार्म हाउस के मालिक समेत सभी आरोपियों को गैर जमानती धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गतौरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में लंबे समय से जुए का बड़ा खेल संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने देर रात दबिश दी, जहां मौके पर कई लोग जुआ खेलते पकड़े गए। पुलिस ने मौके से नगद राशि, मोबाइल फोन और चार पहिया वाहन जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में रोशन सिंह निवासी ओमनगर सिविल लाइन, मुन्ना गोयल निवासी राजीव गांधी चौक, विकास सिंह निवासी दीनदयाल कॉलोनी मंगला, फार्म हाउस संचालक मनीष शर्मा निवासी विद्या नगर तारबहार, नीरज शर्मा निवासी विद्या नगर, दीपक अग्रवाल निवासी रामा लाइफ सिटी सकरी, चंद्रकिशन अग्रवाल निवासी तखतपुर तथा मयंक सोनकर निवासी तिफरा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 80 हजार रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन और 5 चार पहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और जुए के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
