Anp News औंधी पहुंचे विधायक इंद्रशाह मंडावी, करोड़ों नहीं लेकिन विकास की नई सौगातों से जीता ग्रामीणों का दिल

Anp News Live Mohala manpur मोहला-मानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्रशाह मंडावी ने रविवार को औंधी तहसील के दौरे के दौरान विकास कार्यों की सौगात देने के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जोन स्तरीय बैठक लेकर क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने ग्राम निड़ेली सहित कई गांवों में विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया और किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का भरोसा दिलाया।

दौरे की शुरुआत विधायक मंडावी ने क्षेत्र के अंतिम छोर पर बसे ग्राम निड़ेली से की, जहां विधायक निधि से स्वीकृत 5 लाख रुपये की लागत वाले सामुदायिक भवन (देवगुड़ी) का विधि-विधान से भूमिपूजन किया। यह भवन देवस्थल आने वाले ग्रामीणों के ठहरने की सुविधा के साथ आदिवासी समाज की सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इसके अलावा विधायक ने ग्राम कोहका में 2 लाख रुपये की लागत से बनने वाले रंगमंच, नवागढ़ में 3 लाख रुपये के सामुदायिक भवन तथा मोरचूल में 7.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले यात्री प्रतीक्षालय का भी भूमिपूजन किया।

विकास कार्यों के साथ विधायक मंडावी ने ग्राम निड़ेली में औंधी जोन की बैठक भी ली। बैठक में कांग्रेस के जनहित अभियानों, संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता में आ रही परेशानियों से अवगत कराया।

विधायक मंडावी ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और वे उनके अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ते रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भानु तुलावी, मानसाय बोगा, नोहरू कुमेटी, घसिया राम नाग, बाजू बोगा, देवदास बोगा, देवानंद कौशिक, पुष्पा आतराम, हरिशंकर मिश्रा, रोहित भुआर्या, संतराम फरदिया, बाला राम मंडावी, धनसाय जांगी, ऋषभ ठाकुर, सागर सिन्हा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post