Anp News Live Korba साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने आम नागरिकों, कर्मचारियों, व्यापारिक साझेदारों और अन्य हितधारकों के लिए महत्वपूर्ण साइबर सुरक्षा सलाह जारी की है। कंपनी ने आगाह किया है कि बालको के नाम, ब्रांड और सेवाओं से मिलते-जुलते फर्जी वेबसाइट, डोमेन और ई-मेल आईडी बनाकर लोगों को धोखा देने की कोशिश की जा सकती है।
बालको के अनुसार साइबर अपराधी ऐसे ई-मेल और वेबसाइट का इस्तेमाल कर सकते हैं जो पहली नजर में कंपनी के आधिकारिक माध्यमों जैसे दिखाई देते हैं। इनका उद्देश्य लोगों से व्यक्तिगत, वित्तीय और व्यावसायिक जानकारी हासिल करना, मैलवेयर फैलाना या ऑनलाइन ठगी को अंजाम देना हो सकता है।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उसकी केवल एक आधिकारिक वेबसाइट है और सभी अधिकृत ई-मेल केवल कंपनी के निर्धारित आधिकारिक डोमेन से ही भेजे जाते हैं। यदि किसी वेबसाइट या ई-मेल का पता आधिकारिक डोमेन से अलग दिखाई दे, तो उसे संदिग्ध मानते हुए उस पर किसी भी प्रकार की जानकारी साझा न करें।
बालको ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वेबसाइट, ई-मेल या ऑनलाइन संदेश पर भरोसा करने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें। कंपनी से जुड़ी सभी सेवाओं, सूचनाओं और संवाद के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें।
साथ ही कंपनी ने यह भी कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को बालको के नाम से कोई संदिग्ध वेबसाइट, डोमेन या ई-मेल प्राप्त होता है, तो इसकी जानकारी तुरंत कंपनी की सुरक्षा टीम को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बालको प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी फर्जी या अनधिकृत वेबसाइट, डोमेन अथवा ई-मेल के माध्यम से हुए लेन-देन या नुकसान के लिए कंपनी जिम्मेदार नहीं होगी। कंपनी ने सभी लोगों से सतर्क रहने और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की है।
