दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के वाणिज्य विभाग में कार्यरत ऐसे 56 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने 30 वर्षों तक अपनी उत्कृष्ट सेवाएँ रेलवे को समर्पित कीं।
इस अवसर पर प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय ने कर्मचारियों को प्रशस्तिपत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा और कार्यकुशलता ही यात्रियों को सुरक्षित एवं समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
प्रवीण पाण्डेय ने आगे कहा कि रेल सेवा में कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारों का भी बड़ा योगदान होता है, क्योंकि परिवार के सहयोग और त्याग से ही कर्मचारी 24 घंटे अपनी सेवाएँ दे पाते हैं।
सम्मानित किए गए 56 कर्मचारियों में मुख्यालय से 14, बिलासपुर मंडल से 13, रायपुर मंडल से 11 और नागपुर मंडल से 18 कर्मचारी शामिल हैं।
प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने यह भी कहा कि इन कर्मचारियों का 30 वर्षों का अनुभव आने वाले समय में रेलवे की सेवाओं को और अधिक उत्कृष्ट बनाने में सहायक होगा।
समारोह में वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
