कोण्डागांव में सीबीएसई 10वीं के 40 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

कोण्डागांव, 22 अप्रैल 2026। जिला मुख्यालय कोण्डागांव में सीबीएसई कक्षा 10वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 40 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

Uploaded Image

जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समारोह में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला, वहीं पालक और शिक्षक भी गौरवान्वित नजर आए।

Uploaded Image

सम्मानित विद्यार्थियों ने कलेक्टर को आश्वस्त किया कि वे कक्षा 12वीं में और बेहतर प्रदर्शन करेंगे। विद्यार्थियों ने कहा कि इस सम्मान से उन्हें आगे और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा मिली है। इस पहल की सभी ने सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

 

परिणामों में नवोदय विद्यालय कोण्डागांव की छात्रा वंदना कश्यप ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। डीएवी बड़ेडोंगर फरसगांव की प्रीति सरकार 94.40 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं डीएवी केशकाल की वनशिखा खबास, चावरा हायर सेकेंडरी स्कूल के आर्यन जायसवाल एवं नवोदय विद्यालय के देवदत्त सोम ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

 

कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय, केन्द्रीय विद्यालय, चावरा हायर सेकेंडरी स्कूल, डीएवी एवं एकलव्य विद्यालय सहित जिले के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी, उनके पालक एवं शिक्षक उपस्थित रहे। इस दौरान अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Related Post