कोंडागांव, 07 जनवरी 2026 | विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) VB–G RAM G योजना को लेकर आज बुधवार को कोंडागांव स्थित भाजपा जिला कार्यालय में विधायक नीलकंठ टेकाम ने प्रेस वार्ता आयोजित कर मीडिया को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण गरीबों, जनजातीय वर्ग और पिछड़े तबकों के लिए सम्मानजनक रोजगार और स्थायी आजीविका सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
प्रेस वार्ता में विधायक टेकाम ने बताया कि योजना के अंतर्गत हर ग्रामीण परिवार को वर्ष में 125 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, वहीं वन क्षेत्रों में कार्यरत एसटी श्रमिकों को अतिरिक्त 25 दिन का रोजगार मिलेगा। इससे ग्रामीण आय में वृद्धि होगी और पलायन पर प्रभावी रोक लगेगी।
उन्होंने कहा कि VB–G RAM G, मनरेगा से अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित योजना है। इसमें रियल टाइम डेटा अपलोड, GPS व मोबाइल मॉनिटरिंग तथा AI के माध्यम से फर्जीवाड़े की पहचान की जाएगी, जिससे सही हितग्राहियों को समय पर काम और मजदूरी मिल सकेगी।
विधायक ने बताया कि नई योजना में हर सप्ताह मजदूरी भुगतान का प्रावधान है। साथ ही बुआई और कटाई के मौसम में 60 दिनों तक कार्य स्थगन की व्यवस्था रखी गई है, ताकि कृषि कार्यों के दौरान मजदूरों की कमी न हो और किसानों को नुकसान न पहुंचे।
उन्होंने यह भी बताया कि योजना का फोकस चार प्रमुख प्राथमिकताओं पर रहेगा— जल संरक्षण से जुड़े कार्य, कोर ग्रामीण बुनियादी ढांचे का निर्माण, आजीविका से संबंधित परिसंपत्तियों का सृजन तथा खराब मौसम में रोजगार संतुलन। इससे जल सुरक्षा, कृषि उत्पादकता, सड़क व कनेक्टिविटी में सुधार के साथ-साथ जलवायु अनुकूल विकास को बढ़ावा मिलेगा।
प्रेस वार्ता के दौरान विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार योजनाओं को नाम नहीं बल्कि सेवा और जनकल्याण से जोड़कर लागू कर रही है। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में VB–G RAM G ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता टिकेश्वर जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष सेवक राम नेताम, पूर्व जिला एवं राष्ट्रीय सदस्य मनोज जैन, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सुराना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलवंत सिंह चहल सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
