कोरबा–अंबिकापुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, युवक की मौत, दो गंभीर घायल

कोरबा–अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने एक युवक की जान ले ली, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह भीषण हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर बांगो थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गुरसिया में तान नदी के पुल पर हुआ। प्रारंभिक जांच में पुल पर बने कांक्रीट पैनल में गहरे गड्ढे को हादसे की प्रमुख वजह बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान प्रकाश श्रीवास के रूप में हुई है, जो एक्टिवा वाहन से अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। जैसे ही वह तान नदी के पुल पर पहुंचा, उसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रकाश सड़क पर गिर पड़ा और उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने बांगो पुलिस को जानकारी दी। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा की मर्च्युरी भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए हैं।

बांगो पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि जिले में सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत हुए अभी एक दिन भी नहीं बीता था और उसी रात यह दर्दनाक हादसा हो गया। यह घटना न केवल तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही, बल्कि खराब सड़क स्थिति और पुल पर मौजूद गड्ढों की अनदेखी पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत, पुलों की सुरक्षा जांच और चेतावनी संकेत लगाए जाते, तो संभवतः इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था। लगातार हो रहे सड़क हादसे यह संकेत दे रहे हैं कि सड़क सुरक्षा के दावों को जमीनी स्तर पर और अधिक गंभीरता से लागू करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न सहना पड़े।

Related Post