कोंडागांव नगर पालिका क्षेत्र में प्याऊ नहीं, ग्रामीणों को खरीदना पड़ रहा बोतलबंद पानी: नरेन्द्र देवांगन

कोंडागांव, 28 मई 2026 | भीषण गर्मी के बीच कोंडागांव नगर पालिका क्षेत्र में सार्वजनिक प्याऊ की व्यवस्था नहीं होने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस शहर अध्यक्ष नरेन्द्र देवांगन ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

Uploaded Image

नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि जिला मुख्यालय होने के बावजूद शहर में कहीं भी प्याऊ की व्यवस्था नजर नहीं आती। खासकर साप्ताहिक बाजार में दूर-दराज गांवों से आने वाले सब्जी विक्रेताओं एवं ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। मजबूरी में लोगों को महंगा बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है।

 

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद नगर पालिका प्रशासन द्वारा बाजार परिसर में एक टैंकर तक की व्यवस्था नहीं की जा रही है। शहर का तापमान इस बार 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, ऐसे में आमजन के लिए पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं कराना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

 

नरेन्द्र देवांगन ने सवाल उठाते हुए कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा सुशासन और जनसुविधाओं के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। तपती धूप में लोगों को अपनी प्यास बुझाने के लिए महंगा पानी खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है।

 

उन्होंने मांग की कि नगर पालिका प्रशासन तत्काल संज्ञान लेते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर प्याऊ की व्यवस्था करे तथा साप्ताहिक बाजार के दिन बाजार परिसर में पानी के टैंकर उपलब्ध कराए। उनका कहना है कि यह कदम पूरी तरह जनहित में होगा और गर्मी से राहत दिलाने में मददगार साबित होगा।

Related Post