रायपुर/कोंडागांव, 19 जून 2026 | छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की प्रदेश स्तरीय बैठक रायपुर के डगनिया स्थित चन्द्राकर समाज भवन में प्रदेश अध्यक्ष जगन्नाथ साहू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पिछड़ा वर्ग के अंतर्गत आने वाले विभिन्न समाजों के प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे और “एक प्रदेश, एक संगठन” की अवधारणा पर सहमति जताई। साथ ही जिन जिलों में संगठन का विस्तार नहीं हुआ है, वहां जल्द संगठन खड़ा करने की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंपी गई।
बैठक में प्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने, त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में पूर्व की भांति ओबीसी आरक्षण बहाल करने तथा जनगणना में पिछड़ा वर्ग के लिए अलग कॉलम निर्धारित करने जैसी प्रमुख मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान संगठन का विस्तार करते हुए दिनेश चन्द्राकर, राजेन्द्र नायक, टहलराम साहू, शान्तनू साहू, ललितदास, प्रदीप देवांगन, धनीराम विश्वकर्मा, सालिकराम यादव, आनंद निषाद, चन्द्रभूषण वर्मा सहित कई समाज प्रमुखों को संरक्षक मंडल में शामिल किया गया। वहीं नरेश रजवाड़े को प्रदेश महामंत्री तथा विभिन्न संभागों एवं युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई।
बैठक में विभिन्न जिलों और संभागों से पहुंचे सैकड़ों सामाजिक पदाधिकारियों ने भाग लिया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
