Anp News Live Sakti ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सक्ती जिले में शुक्रवार से ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘आंगनबाड़ी सम्मान’ और ‘मातृसंवाद’ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। यह आयोजन 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक किया जाएगा। अभियान के पहले दिन जिले के 140 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया और बच्चों, माताओं तथा स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से उत्सव जैसा माहौल बनाया गया। सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े ने खुसरूडेरा, अमलडीहा और गढ़गोढ़ी स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लिया।
बच्चों और हितग्राहियों की गतिविधियों का लिया जायजा
सांसद, कलेक्टर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जिले के अलग-अलग आंगनबाड़ी केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों की गतिविधियों, पोषण व्यवस्था और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का अवलोकन किया गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों को रंगोली, सजावटी सामग्री और स्थानीय परिवेश से जुड़ी वस्तुओं से सजाया गया था। केंद्रों में पौष्टिक थाली के साथ स्थानीय व्यंजनों का प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं का गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिशुवती माताओं और महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों को श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
बच्चों ने सुनाई पोयम और गिनती
सांसद की मौजूदगी में खुसरूडेरा, अमलडीहा और गढ़गोढ़ी के आंगनबाड़ी केंद्रों में छोटे बच्चों ने पोयम, नंबर और गिनती सुनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
सांसद श्रीमती जांगड़े ने बच्चों को पेंसिल, पेन, कॉपी और रबर भी वितरित किए। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बेहतर कार्य के लिए श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने किया प्रेरित
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित यह कार्यक्रम जनभागीदारी को बढ़ावा देने वाला है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचने और महिलाओं से संवाद करने से जमीनी स्तर पर संचालित योजनाओं की जानकारी और उनके लाभ की स्थिति को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने महिलाओं से जागरूक रहकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने और परिवार व समाज के विकास में योगदान देने की अपील की।
सांसद ने बच्चों को कम उम्र से ही शिक्षा के साथ अंग्रेजी भाषा का ज्ञान देने की पहल को भी उपयोगी बताया। उन्होंने जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग, जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, बच्चों और उनके अभिभावकों को कार्यक्रम के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
पौष्टिक आहार का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी पर्यवेक्षकों, कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने सांसद को पौष्टिक आहार का पैकेट भेंट किया। इस पर सांसद ने संतुलित और पौष्टिक भोजन को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की बात कही।
उन्होंने गुड़, चना, मूंगफली और फल जैसे आसानी से उपलब्ध होने वाले खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने के लिए लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं सहित सभी नागरिकों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और पौष्टिक भोजन अपनाने की अपील की।
हितग्राहियों ने साझा किया अनुभव
कार्यक्रम में सम्मानित हितग्राहियों श्रीमती लीला जायसवाल, शकुंतला केवट और अनिता कांत सहित अन्य महिलाओं ने आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को पोषण आहार, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं मिलती हैं। गर्भवती और शिशुवती माताओं को भी पोषण तथा स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी जाती है।
हितग्राहियों ने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ जैसे आयोजनों से आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रति जुड़ाव और अपनत्व बढ़ता है। बच्चों के साथ गीत, खेल और विभिन्न गतिविधियों में शामिल होने का अवसर मिलने से परिवारों में भी उत्साह का माहौल बना।
अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, जिला महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारी श्री सुधाकर बोदले, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक सुश्री तान्या सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, जनप्रतिनिधि, अभिभावक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों, माताओं और समुदाय से जोड़ते हुए पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
