एक ही परिवार में तीन मौतों से सनसनी, रायपुर में कारोबारी ने लगाई फांसी

Anp News Live Raipur राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती इलाके से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। सराफा कारोबारी प्रवाल सोनी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस आत्महत्या को लंबे समय से चल रहे मानसिक तनाव और पारिवारिक सदमे से जोड़कर देख रही है।

जानकारी के अनुसार, प्रवाल सोनी की पुरानी बस्ती क्षेत्र में ज्वेलरी शॉप संचालित होती थी। करीब 18 वर्ष पहले उनका विवाह तखतपुर निवासी सोना सोनी से हुआ था। दंपति के दो बेटे थे और परिवार सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था, लेकिन पिछले कुछ समय में लगातार हुई घटनाओं ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।

बताया जा रहा है कि पिछले साल उनके छोटे बेटे की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उस दौरान शुरुआती तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई थी, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर कई सवाल भी उठे थे। बेटे की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में चला गया था।

इसी बीच पिछले वर्ष प्रवाल सोनी की पत्नी सोना सोनी ने भी आत्महत्या कर ली थी। पत्नी और बेटे की मौत के बाद प्रवाल सोनी मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे। अब उनकी आत्महत्या के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Post