सड़क सुरक्षा माह के बीच कोंडागांव में मौत का तांडव, एक ही रात चार अलग-अलग सड़क हादसों में चार की दर्दनाक मौत

कोण्डागांव, 12 जनवरी 2026 | कोण्डागांव जिले में 5 जनवरी से सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत होने के बावजूद सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार 11 जनवरी की रात कोंडागांव थाना क्षेत्र में हुए चार अलग-अलग सड़क हादसों में चार ग्रामीणों की मौत हो गई। एक ही रात में चार लोगों की असमय मौत से पूरा कोंडागांव जिला दहल उठा है।

Uploaded Image

प्राप्त जानकारी के अनुसार पल्ली डोंगरीपारा निवासी 19 वर्षीय महावीर नेताम, पिता चमरू नेताम, रविवार रात करीब 9 बजे मोटरसाइकिल से कोंडागांव से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बायपास मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

Uploaded Image

इसी तरह बनियागांव में रेशम केंद्र के पास NH 30 में साइकिल से खेत जा रहे 58 वर्षीय ग्रामीण मंगल सोढ़ी, पिता ऊषारू राम, को अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। यह हादसा रविवार शाम करीब 7:30 बजे हुआ, जिसमें मंगल सोढ़ी की मौत हो गई।

 

वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लंजोड़ा के पास रविवार शाम 7:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में कोसापारा लंजोड़ा निवासी 32 वर्षीय पवन कोर्राम, पिता मनीराम कोर्राम की मौके पर ही मौत हो गई।

 

इसके अलावा रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे मेला देखकर लौट रहे बोरगांव निवासी 51 वर्षीय ग्रामीण फूलसिंग पोयाम को पीछे से आ रहे अज्ञात बाइक चालक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल फूलसिंग पोयाम को निजी वाहन से जिला अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

 

इस तरह कोंडागांव थाना क्षेत्र में एक ही रात चार अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। सड़क सुरक्षा माह के दौरान हुई इन घटनाओं ने प्रशासन और पुलिस की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस ने चारों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं सभी सड़क हादसों की जांच कार्यवाही कोंडागांव पुलिस द्वारा की जा रही है। जिले में बढ़ते सड़क हादसों ने आमजन को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Related Post