कलार समाज ने एसपी से की लछिन्दर पाण्डे हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग, दोषियों के लिए मांगी फांसी की सजा

कोंडागांव, 16 दिसंबर 2025 | लछिन्दर पाण्डे हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मंगलवार को कलार समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी पंकज चंद्रा को ज्ञापन सौंपा। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि लछिन्दर पाण्डे 3 दिसंबर को विश्रामपुरी साप्ताहिक बाजार से लापता हुआ था, जिसके बाद उसका सिर कटा शव बरामद किया गया। घटना से समाज में गहरा आक्रोश और भय का माहौल है।

 

ज्ञापन में बताया गया कि पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आरोपी अब भी फरार है। समाज ने फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी, पुलिस अधीक्षक की प्रत्यक्ष निगरानी में निष्पक्ष जांच तथा मृतक को अपराधी बताए जाने संबंधी दावों को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करने की मांग की है।

 

कलार समाज ने कहा कि जब तक मामले की पूरी सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक समाज में असंतोष बना रहेगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मौत की सजा की मांग की।

 

इस अवसर पर कलार समाज के संभागीय अध्यक्ष कमल किशोर कश्यप, संभागीय उपाध्यक्ष बालकुमार प्रधान, संभागीय महासचिव चंद्रशेखर वैद्य, संभागीय युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष गोकुल वैध, जिला अध्यक्ष त्रिनाथ दीवान, जिला सचिव दयाशंकर दीवान, कोषाध्यक्ष केवल कारण सहित बड़ी संख्या में सामाजिक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।

Related Post