उत्तर प्रदेश महराजगंज नेपाल में लावारिस हालत में मिले भारतीय वाहन

उत्तर प्रदेश महराजगंज,नेपाल में लावारिस हालत में मिले भारतीय वाहन: सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ा सवाल या कोई गहरी साजिश?

सोनौली/भैरहवा

नेपाल के रुपन्देही जिले के सिद्धार्थनगर नगरपालिका (भैरहवा) क्षेत्र में गुरुवार को भारतीय नंबर प्लेट लगी दो चारपहिया गाड़ियों के कथित रूप से लावारिस हालत में मिलने की घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं नेपाल पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर कस्टम (भंसार) कार्यालय को सौंप दिया है, लेकिन सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि आखिर ये वाहन नेपाल कैसे पहुंचे, किसके नाम पर हैं, कितने समय से वहां खड़े थे और संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं थी?

सीमा पार होने वाले प्रत्येक वाहन का रिकॉर्ड सामान्यतः कस्टम और सुरक्षा एजेंसियों के पास होता है ऐसे में भारतीय नंबर प्लेट की गाड़ियां नेपाल में लावारिस अवस्था में मिलना केवल एक सामान्य घटना नहीं, बल्कि दोनों देशों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए चिंता का विषय माना जा रहा है

लगातार सामने आ रही हैं ऐसी घटनाएं

यह पहला मामला नहीं है जब नेपाल प्रशासन ने भारतीय नंबर प्लेट वाले वाहनों को "लावारिस" बताकर जब्त करने की सूचना जारी की हो इससे पहले भी कई बार भारतीय वाहनों के संबंध में इसी प्रकार की सूचनाएं सामने आती रही हैं, जिससे सीमा सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठते रहे हैं

जिला पुलिस कार्यालय रुपन्देही द्वारा जारी सूचना के अनुसार, दोनों भारतीय वाहन भैरहवा गल्ला मंडी के पास शहीद पथ क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े मिले थे। पुलिस का कहना है कि आसपास पूछताछ के बावजूद वाहन स्वामियों का पता नहीं चल सका, जिसके बाद दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया गया।

कई अनुत्तरित सवाल

घटना के बाद कई महत्वपूर्ण प्रश्न सामने आ रहे हैं—

क्या ये वाहन वैध कस्टम प्रक्रिया के तहत नेपाल में प्रवेश किए थे?

यदि हां, तो इनके प्रवेश और अवधि का रिकॉर्ड कहां है?

वाहन मालिक और चालक कौन हैं?

वाहन वहां कब से खड़े थे?

चालक और सवार लोग अचानक कहां गायब हो गए?

क्या यह केवल लापरवाही का मामला है या किसी बड़े नेटवर्क की गतिविधि?

डीएसपी ने जांच की कही बात

रुपन्देही के डीएसपी कृष्ण कुमार चंद के अनुसार, यह जांच की जा रही है कि वाहन वैध भंसार प्रक्रिया के तहत नेपाल आए थे या नहीं, उनका भंसार कितने दिनों का था तथा वाहन स्वामी और चालक कौन हैं इसी कारण मामला आगे की जांच के लिए कस्टम विभाग को सौंपा गया है पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वाहन में सवार लोग कहां गए।

सुरक्षा विशेषज्ञों की नजर में गंभीर विषय

भारत-नेपाल खुली सीमा दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक मित्रता का प्रतीक है, लेकिन इसी खुली सीमा का दुरुपयोग तस्करी, अवैध गतिविधियों और संदिग्ध आवागमन के लिए भी किया जाता रहा है। ऐसे में भारतीय नंबर प्लेट के वाहनों का लावारिस मिलना केवल प्रशासनिक मामला नहीं, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी गंभीर जांच का विषय बन गया है

यदि इन वाहनों के नेपाल पहुंचने और उनके स्वामियों की पहचान को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आती है, तो यह घटना कई नई आशंकाओं को जन्म दे सकती है। इसलिए आवश्यक है कि भारत और नेपाल की संबंधित एजेंसियां समन्वय बनाकर पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करें, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें और सीमा सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की शंका का समाधान हो सके।

(नोट: समाचार में उठाए गए प्रश्न उपलब्ध तथ्यों और अधिकारियों के बयानों के आधार पर हैं किसी साजिश या अवैध गतिविधि की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी)

Related Post