रायपुर/ कोंडागांव, 1 अगस्त। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने स्पष्ट किया है कि VSK ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को 15 अगस्त तक सभी त्रुटियों का समाधान करने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश के लगभग 1.75 लाख शिक्षकों में से करीब 1.5 लाख शिक्षक प्रतिदिन VSK ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं, जो कुल शिक्षकों का लगभग 85 प्रतिशत है। उन्होंने शिक्षकों के सहयोग और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि वे शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक-सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि तकनीकी कारणों से किसी भी शिक्षक के हित प्रभावित नहीं होंगे। साथ ही शिक्षकों से VSK ऐप का उपयोग जारी रखने और किसी भी समस्या या सुझाव की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की। सरकार ने आश्वस्त किया है कि सभी सुझावों पर सकारात्मक विचार कर ऐप को और अधिक सरल एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
