सुशासन तिहार का असर: कनकी शिविर में 182 आवेदनों का मौके पर समाधान

Anp News Live, Korba प्रदेश में चल रहे सुशासन तिहार के तहत ग्राम कनकी में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं और विभिन्न योजनाओं का लाभ लिया। शिविर में 962 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 182 का मौके पर ही निराकरण कर प्रशासन ने त्वरित सेवा का उदाहरण पेश किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कँवर ने कहा कि यह शिविर छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी सोच का प्रतीक है, जिसका उद्देश्य गांव, गरीब और किसानों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से साइबर अपराध से सतर्क रहने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील भी की।

जनपद पंचायत अध्यक्ष अशोक बाई कँवर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। अधिकारियों को हर आवेदन पर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

जनपद उपाध्यक्ष मनोज झा ने इसे सरकार की जनकेंद्रित सोच का उदाहरण बताते हुए कहा कि अब ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ रहा, क्योंकि समाधान गांव में ही मिल रहा है।

जनपद पंचायत करतला के सीईओ ने बताया कि शिविर में शेष आवेदनों का परीक्षण कर शीघ्र निराकरण किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को प्रमाण पत्र एवं सामग्रियों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने ग्राम सलिहाभाठा को टीबी मुक्त घोषित कर सम्मानित किया।

इसके अलावा शिविर में किसानों को किसान किताब, हितग्राहियों को आइस बॉक्स और ग्रोथ प्रमोटर प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 लोगों को आवास की चाबियां सौंपी गईं, वहीं मनरेगा के तहत जॉब कार्ड और खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, आईएएस डॉ. तरुण किरण, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिविर में सभी ने मिलकर ग्रामीण विकास और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Related Post