कांग्रेस नेता चुम्मन साहू के बयान का असर: पेयजल संकट पर हरकत में आया प्रशासन

 

छुरिया। क्षेत्र में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या और अधूरी पड़ी पानी टंकियों का मुद्दा सामने आने के बाद प्रशासन अब सक्रिय नजर आ रहा है। कांग्रेस नेता चुम्मन साहू द्वारा मामला उठाए जाने के बाद संबंधित विभाग ने जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, कई स्थानों पर पानी टंकियां बनने के बावजूद उनमें जल आपूर्ति नहीं हो पा रही थी, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति सुधारने के लिए अब टंकियों में पानी पहुंचाने हेतु बोर खनन कराया जा रहा है, ताकि नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

इसके साथ ही, तत्काल राहत के तहत ग्राम कल्लूटोला, बनिया टोला, भंडारपुर और बिसाहू टोला में हैंडपंप खनन कार्य किया गया है। इन गांवों में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ था और लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ता था।

ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब जब चुम्मन साहू ने मुद्दा उठाया, तब प्रशासन हरकत में आया है। लोगों को उम्मीद है कि इस पहल से जल्द राहत मिलेगी।

गौरतलब है कि चुम्मन साहू ने जल जीवन मिशन के कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि योजनाओं का लाभ पूरी तरह से आम लोगों तक नहीं पहुंच रहा है। उनके बयान के बाद प्रशासन की सक्रियता बढ़ी है और कार्यों में तेजी आई है।

फिलहाल बोर और हैंडपंप खनन का काम शुरू हो चुका है। अब देखना होगा कि आने वाले समय में पेयजल व्यवस्था कितनी नियमित और स्थायी हो पाती है।

Related Post