सोनौली एसएसबी रोड पर भीषण जाम

सोनौली एसएसबी रोड पर भीषण जाम, श्री राम जानकी मंदिर से मंगल बाजार तक यातायात ठप — प्रशासन मौन

 

सोनौली / महराजगंज

 

भारत-नेपाल सीमा से सटे सोनौली कस्बे में एसएसबी रोड पर शुक्रवार को भीषण जाम लग गया। जाम की स्थिति श्री राम जानकी मंदिर से लेकर मंगल बाजार तक बनी रही, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

 

बताया जा रहा है कि सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग, भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति लगातार बनी हुई है। जाम में फंसे स्कूली बच्चों, मरीजों और दैनिक कामकाज के लिए निकलने वाले लोगों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि एसएसबी रोड पर आए दिन जाम लगना आम बात हो गई है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। व्यापारियों और राहगीरों ने प्रशासन से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

 

लोगों का आरोप है कि ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और पुलिस की नियमित तैनाती नहीं होने से स्थिति और खराब हो रही है। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।

 

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने, अतिक्रमण हटाने और पुलिस बल की तैनाती बढ़ाने की मांग की है, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

Related Post