रायगढ़ में बढ़ती ठंड को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, शीतलहर से बचाव की अपील

रायगढ़- जिले में लगातार बढ़ती ठंड और आगामी दिनों में संभावित शीतलहर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने आम नागरिकों से सतर्कता बरतने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है।

 

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में अत्यधिक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही शीतलहर और शीत दिवस की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है, जिससे विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

 

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अत्यधिक ठंड के कारण सर्दी, खांसी, बुखार, सांस संबंधी समस्याएं, हाइपोथर्मिया तथा हार्ट अटैक जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में नागरिकों को अनावश्यक रूप से ठंड में बाहर निकलने से बचना चाहिए और शरीर को गर्म रखने के लिए पर्याप्त ऊनी कपड़े पहनने चाहिए।

 

डॉ. अनिल कुमार जगत ने नागरिकों से अपील की है कि सुबह-शाम विशेष रूप से ठंड के समय घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें। खुले में काम करने वाले श्रमिक, किसान एवं रिक्शा चालक जैसे लोगों को ठंड से बचाव के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाने चाहिए। गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें, ठंडे खाद्य पदार्थों से परहेज रखें तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार लें।

 

स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपात स्थिति में त्वरित उपचार की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। शीतलहर से प्रभावित लोगों के उपचार के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया है।

 

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से यह भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति में अत्यधिक ठंड लगना, लगातार कंपकंपी, सांस लेने में तकलीफ, सीने में दर्द या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें और लापरवाही न बरतें।

 

प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मौसम की गंभीरता को देखते हुए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Related Post