सुशासन तिहार: ग्राम पंचायत बिलारी में हुआ जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन, कुल 1473 आवेदन प्राप्त हुए..

जांजगीर-चांपा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण तथा नागरिकों को सरल, पारदर्शी एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में सुशासन तिहार अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज जनपद पंचायत पामगढ़ के ग्राम पंचायत बिलारी स्थित शा.पू.मा.शाला बिलारी में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया


शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान हितग्राहियों को नैनो यूरिया, आईस बॉक्स व जाल, किसान किताब, बी-1, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, नक्शा-खसरा, चेक एवं सम्मान पत्र वितरित किए गए। इस दौरान स्व-सहायता समूहों की दीदियों को स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्मित आवासों की चाबियां हितग्राहियों को सौंपी गईं। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जनपद पंचायत पामगढ़ के ग्राम पंचायत बिलारी में आयोजित शिविर में कुल 1473 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमे 1439 मांग एवं 34 शिकायत से संबंधित है।


पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश ने कहा कि सुशासन तिहार अंतर्गत लगाये गये जनसमस्या निवारण शिविर में अधिक से अधिक अपनी मांग एवं समस्याओं से संबंधित आवदेन करें एवं सभी विभागीय स्टॉलों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ लें। उन्होंने अधिकारियों से आमजन की मांगों एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा योजनाओं की जानकारी के साथ उनका लाभ देने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग से बिजली संबंधी समस्याओं का शीघ्र निराकरण, कृषि विभाग को किसानों के लिए खाद एवं उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि सुशासन तिहार का आयोजन 10 जून तक किया जाएगा। इस दौरान सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आमजन की मांगों और समस्याओं को सुनने तथा उनका निराकरण करने के लिए उपस्थित हैं। उन्होंने कहा शासन द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंदों को आवास का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह 1000 रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी ग्रामीणों से विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ लेने की अपील की।


इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रमिला साह, प्रीति अजय दिव्य, संतोषी मनोज रात्रे, मानेष जांगड़े, रूपचंद साहू, मिथलेश साहू, राघवेंद्र प्रताप सिंह, संतोष लहरे, धनंजय सिंह, रामगिलास खुंटे, राजू राय, जय कुमार साहू, शहरलाल साहू, शांताबाई साहू, त्रिदेव कुमार साहू, पूर्णिमा साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

22 मई को ग्राम पंचायत कापन में होगा शिविर का आयोजन

सुशासन तिहार अंतर्गत 22 मई को जनपद पंचायत अकलतरा के ग्राम पंचायत कापन स्थित पी.एम.श्री प्रा. शाला स्कूल कापन में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस क्लस्टर में कापन, बम्हनी, खिसोरा, बरपाली, मुडपार, करहीडीह, पचरी, साजापाली, खोंड़, कटनई, हरदी, बुचीहरदी, बिरकोनी, भैसतरा, बरगवां, कोटगढ़, खटोला, महमदपुर कुल 18 ग्राम पंचायत शामिल रहेंगे।

Related Post