सट्टा सिंडिकेट मामले में सियासत तेज
रायगढ़। रायगढ़ में सट्टा सिंडिकेट पर हुई बड़ी पुलिस कार्रवाई के बाद अब इस मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। सट्टा कारोबार से जुड़े आरोपी के साथ तस्वीर वायरल होने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने तीखा पलटवार किया है।
फेसबुक पोस्ट के माध्यम से ओपी चौधरी ने कांग्रेस पर “दोगली राजनीति” करने का आरोप लगाते हुए कहा कि केवल एक तस्वीर के आधार पर किसी को अपराधियों का संरक्षक बताना राजनीतिक स्तरहीनता है। उन्होंने कहा कि राजनीति चमकाने के लिए झूठ और भ्रम फैलाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
“क्या अपने नेताओं पर भी वही आरोप लगाएंगे?” — ओपी चौधरी
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से सीधा सवाल करते हुए कहा कि जिस आरोपी की तस्वीर को आधार बनाकर भाजपा नेताओं पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उसी व्यक्ति की तस्वीरें कांग्रेस सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे टी.एस. सिंहदेव और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के साथ भी मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि एक तस्वीर में आरोपी कांग्रेस नेताओं के साथ मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहा है। वहीं टी.एस. सिंहदेव के साथ तस्वीर को लेकर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आरोपी की पहुंच “बेडरूम तक” दिखाई दे रही है, मानो वह उनकी “किचन कैबिनेट” का हिस्सा रहा हो।
ओपी चौधरी ने सवाल उठाया कि क्या अब कांग्रेस अपने नेताओं पर भी वही आरोप लगाएगी, जो भाजपा पर लगा रही है?
“हर व्यक्ति का बैकग्राउंड जांचना संभव नहीं”
सार्वजनिक जीवन की वास्तविकता का उल्लेख करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ प्रतिदिन सैकड़ों लोग तस्वीर खिंचवाते हैं और हर व्यक्ति का बैकग्राउंड वेरिफाई करना व्यवहारिक रूप से संभव नहीं होता।
उन्होंने कहा कि राजनीति में वास्तविक अपराध तब होता है जब किसी अपराधी को जानते-बूझते संरक्षण दिया जाए। उनका आरोप था कि कांग्रेस सरकार के दौरान ऐसा लगातार होता रहा।
“अगर संरक्षण देते तो पुलिस कार्रवाई क्यों करती?”
ओपी चौधरी ने कहा कि यदि वर्तमान सरकार आरोपी को संरक्षण दे रही होती तो रायगढ़ पुलिस इतनी बड़ी कार्रवाई नहीं कर पाती। उन्होंने कहा कि पुलिस ने करीब 1 करोड़ रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन और डिजिटल साक्ष्यों के साथ पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है।
उन्होंने दावा किया कि उन्होंने स्वयं भूपेश बघेल की पोस्ट से कई घंटे पहले ही रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई की सराहना की थी। उनके अनुसार भाजपा सरकार अपराधियों को बचाने नहीं बल्कि उन पर कानूनी कार्रवाई करने में विश्वास रखती है।
कांग्रेस शासन पर लगाए गंभीर आरोप
वित्त मंत्री ने कांग्रेस शासनकाल को निशाने पर लेते हुए कहा कि उस समय महादेव ऐप से जुड़े आरोपी सत्ता के संरक्षण में रहते थे। उन्होंने शराब घोटाले और कोयला लेवी मामले का भी जिक्र करते हुए कहा कि अपराधियों के साथ सत्ता का गठजोड़ बना हुआ था।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय पुलिस व्यवस्था कमजोर हुई और अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलता रहा, जबकि वर्तमान सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।
“अपराधी की जगह जेल है”
ओपी चौधरी ने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि जब पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हो तब विपक्ष को पुलिस का मनोबल बढ़ाना चाहिए, न कि राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम फैलाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में कानून सर्वोपरि है और अपराधी चाहे किसी के साथ तस्वीर में दिखाई दे, उसकी अंतिम जगह जेल ही होगी।
अपने बयान के अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए कुर्सी से ज्यादा महत्वपूर्ण छत्तीसगढ़ का भविष्य और सुशासन है, जबकि जनता अब झूठ और आरोपों की राजनीति को समझ चुकी है।
