खुदाई बनी खतरा: स्कूल की दीवार में दरार, बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल

 महराजगंज, चौक बाजार,खुदाई बनी खतरा: स्कूल की दीवार में दरार, बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल

महराजगंज। चौक बाजार स्थित लिटिल एंजेल्स एकेडमी की बाउंड्रीवॉल को कथित रूप से क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। विद्यालय प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाउंड्रीवॉल से सटी भूमि की खुदाई कराए जाने से दीवार की नींव कमजोर हो गई, जिसके कारण उसमें कई स्थानों पर दरारें पड़ गई हैं। विद्यालय प्रशासन ने इस घटना को बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
विद्यालय की प्रबंधक पूजा पाण्डेय द्वारा थाना चौक में दिए गए प्रार्थना-पत्र के अनुसार, कटैया गांव निवासी रामधारी प्रजापति, गिरिजेश प्रजापति, कौशल प्रजापति एवं भानुप्रताप पर बाउंड्रीवॉल के निकट खुदाई कराने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि खुदाई के दौरान दीवार की नींव से मिट्टी हट जाने के कारण ईंटें बाहर निकल आईं और दीवार की संरचना प्रभावित हो गई।
विद्यालय प्रशासन का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्य रोकने के निर्देश भी दिए थे, लेकिन आरोप है कि अगले दिन पुनः खुदाई शुरू कर दी गई, जिससे दीवार को और अधिक नुकसान पहुंचा। इसको लेकर विद्यालय प्रबंधन में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
प्रबंधक पूजा पाण्डेय ने बताया कि क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवॉल के ऊपर विद्यालय के कक्ष एवं अन्य निर्माण मौजूद हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययन करने आते हैं। बरसात के मौसम में दीवार के और कमजोर होने अथवा किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विद्यालय प्रशासन बेहद चिंतित है।
विद्यालय प्रबंधन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने, हुए नुकसान का आकलन कराने तथा क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष चौक मनीष पटेल ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस द्वारा मौके की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Post