कोंडागांव, 28 जून 2026 | उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान शनिवार को कोण्डागांव जिले के मर्दापाल स्थित साप्ताहिक बाजार का अचानक दौरा किया। नारायणपुर के कन्हारगांव से कोण्डागांव लौटते समय सड़क किनारे लगे साप्ताहिक बाजार को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और सीधे लोगों के बीच पहुंच गए।
उप मुख्यमंत्री ने बाजार में मौजूद ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और व्यापारियों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से बाजार की व्यवस्थाओं, क्षेत्र की आवश्यकताओं और जनजीवन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

ग्रामीणों ने बताया कि नक्सल भय कम होने के बाद मर्दापाल के साप्ताहिक बाजार में फिर से रौनक लौट आई है। आसपास के दूरस्थ गांवों के लोग भी अब बिना किसी डर के बाजार पहुंच रहे हैं, जिससे स्थानीय व्यापार और जनजीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। उप मुख्यमंत्री के सहज एवं आत्मीय व्यवहार से बाजार में मौजूद लोगों में उत्साह का माहौल रहा।
