कोण्डागांव, 19 जनवरी 2026 | जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं सचिव, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंधन समिति, जिला कोण्डागांव द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा आधार पर 42 रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया के तहत दावा–आपत्ति सूची जारी कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यालय द्वारा जारी विज्ञापन के तहत इन पदों के लिए 12 दिसंबर से 29 दिसंबर 2025 तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित अवधि में प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी के पश्चात दावा–आपत्ति सूची तैयार कर छत्तीसगढ़ शासन की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की गई है।
भर्ती प्रक्रिया में सम्मिलित अभ्यर्थी यदि सूची में किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति दर्ज कराना चाहते हैं, तो वे 12 जनवरी से 20 जनवरी 2026 तक निर्धारित अवधि के भीतर अपना दावा–आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रबंधन समिति ने स्पष्ट किया है कि 20 जनवरी के पश्चात प्राप्त किसी भी दावा–आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
प्रबंधन समिति ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय-सीमा के भीतर वेबसाइट पर उपलब्ध दावा–आपत्ति सूची का अवलोकन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। मंगलवार, 20 जनवरी दावा–आपत्ति प्रस्तुत करने का अंतिम दिवस है।
