कोंडागांव, 12 जुलाई 2026 | छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर (प्रारंभिक) परीक्षा रविवार को कोंडागांव जिले के चार परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। जिले में पंजीकृत 1,057 अभ्यर्थियों में से 974 ने परीक्षा दी, जबकि 83 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई।
शासकीय गुण्डाधूर स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 235, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 229, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तहसीलपारा में 234 तथा जामकोटपारा केंद्र में 276 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशन में परीक्षा के लिए व्यापक प्रशासनिक व्यवस्था की गई थी। डिप्टी कलेक्टर अश्वन कुमार पुसाम को नोडल अधिकारी बनाया गया था। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस, प्रशासन एवं उड़नदस्ता दल की निगरानी में परीक्षा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुई।
