Anp News इजराइल में 2 लाख रुपये मासिक वेतन वाली नौकरी, 3500 पदों पर भर्ती का सुनहरा अवसर

Anp News Live Korba विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (NSDC) के तहत भारत-इजराइल फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के माध्यम से इजराइल में होम बेस्ड केयर गिवर पदों पर भर्ती की जा रही है। इस भर्ती के तहत कुल 3500 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए इस अवसर में चयनित उम्मीदवारों को लगभग 2 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। यह अनुबंध प्रारंभिक रूप से दो वर्षों के लिए होगा, जिसे आवश्यकता अनुसार आगे बढ़ाया जा सकेगा।

भर्ती के लिए आवेदक की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार का कम से कम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है तथा इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय का अध्ययन किया होना चाहिए। इसके साथ ही न्यूनतम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट, शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना, 1.5 मीटर से अधिक लंबाई और 45 किलोग्राम से अधिक वजन अनिवार्य है। पूर्व में इजराइल में कार्य कर चुके व्यक्ति इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे।

शैक्षणिक योग्यता के रूप में भारतीय नियामक प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त 990 घंटे के ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग सहित केयर गिविंग प्रमाणपत्र को अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट या नर्स असिस्टेंट जैसी योग्यताओं वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलेगी।

चयनित उम्मीदवारों को इजराइल में नियोजक द्वारा आवास, भोजन, चिकित्सा बीमा, 9 दिनों का राष्ट्रीय अवकाश और 16 दिनों का वार्षिक अवकाश प्रदान किया जाएगा। सप्ताह में छह दिन कार्य करना होगा।

भर्ती प्रक्रिया में ऑनलाइन पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण, पुलिस क्लियरेंस, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से साक्षात्कार और अंतिम चयन शामिल है। चयन के बाद विभिन्न निर्धारित कटौतियों के पश्चात अभ्यर्थियों को लगभग 1 लाख 99 हजार 770 रुपये प्रतिमाह वेतन प्राप्त होगा।

रोजगार विभाग ने इच्छुक अभ्यर्थियों से जल्द से जल्द ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीयन कराने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार के दलाल या फर्जी एजेंटों से सावधान रहने की सलाह भी दी गई है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने निकटतम रोजगार कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Related Post