छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा 01 फरवरी को, जिले में 26 परीक्षा केंद्र 6948 अभ्यर्थी होंगे शामिल

कोण्डागांव, 19 जनवरी 2026 | छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा 01 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 का आयोजन कोण्डागांव जिले में दो पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से 12.15 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 3.00 बजे से 5.45 बजे तक निर्धारित है।

 

प्रथम पाली में प्राथमिक कक्षाओं में अध्यापन हेतु राज्यभर से लगभग 1 लाख 19 हजार अभ्यर्थी एवं द्वितीय पाली में माध्यमिक कक्षाओं में अध्यापन हेतु लगभग 2 लाख 05 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। कोण्डागांव जिले से प्रथम पाली में 2840 तथा द्वितीय पाली में 4108 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इस प्रकार जिले में कुल 6948 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा आयोजन के लिए जिले में प्रथम पाली हेतु 10 एवं द्वितीय पाली हेतु 16, कुल 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

 

जिले की परीक्षा नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री रश्मि पोया ने बताया कि छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा परीक्षा को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अनुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के कम-से-कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा, ताकि फ्रिस्किंग एवं फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र से सत्यापन किया जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। प्रथम पाली में सुबह 9.00 बजे तथा द्वितीय पाली में दोपहर 2.30 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा।

 

ड्रेस कोड के संबंध में बताया गया कि अभ्यर्थी हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने आएं। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी एवं गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना वर्जित रहेगा। केवल साधारण बिना पॉकेट वाला स्वेटर पहनने की अनुमति होगी, जिसे सुरक्षा जांच के समय उतारकर जांच कराना अनिवार्य होगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच के लिए सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा।

 

परीक्षा केंद्र में चप्पल पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं तथा कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित रहेगा। परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर अभ्यर्थिता समाप्त करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

परीक्षार्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे परीक्षा केंद्र में केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन ही साथ लाएं।

Related Post