Anp सतरंगा रोड पर ‘लूना गैंग’ का आतंक: तेज रफ्तार, कोयला तस्करी और पर्यटकों से मारपीट के आरोप

कोरबा। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरंगा जाने वाले मार्ग पर इन दिनों कथित “लूना गैंग” का आतंक चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दर्री क्षेत्र से अवैध रूप से कोयला लोड कर तेज रफ्तार लूना वाहनों के जरिए ईंट भट्टों तक पहुंचाया जा रहा है। इस दौरान सड़क पर हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

 

ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि कोयला ढोने वाले कई लूना चालक बेहद तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन और पर्यटक खतरे में पड़ जाते हैं। बताया जा रहा है कि कई बार ये वाहन अनियंत्रित होकर राहगीरों और बाहर से घूमने आए पर्यटकों से टकरा चुके हैं।

 

दुर्घटना के बाद पर्यटकों से वसूली के आरोप

 

स्थानीय लोगों के अनुसार यदि किसी वाहन से लूना चालक की टक्कर हो जाती है, तो मौके पर कुछ ही मिनटों में कथित गैंग के अन्य लोग पहुंच जाते हैं। आरोप है कि बाहर से आए पर्यटकों और वाहन चालकों से डराकर मोटी रकम की मांग की जाती है। विरोध करने पर मारपीट और धमकी जैसी घटनाएं भी सामने आने की बात कही जा रही है।

ग्रामीणों का दावा है कि इस पूरे नेटवर्क में कई लोग शामिल हैं, जो सड़क पर नजर बनाए रखते हैं और किसी घटना के बाद तुरंत सक्रिय हो जाते हैं।

 

कोयला, शराब और गांजा कारोबार से जुड़े होने के आरोप

Uploaded Image

आसपास के निवासियों का आरोप है कि यह गैंग सिर्फ अवैध कोयला परिवहन तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र में अवैध शराब और गांजा कारोबार से भी जुड़े होने की चर्चाएं हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लगातार मिल रही शिकायतों से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

 

आने वाले समय में पर्यटन स्थल की छवि पर असर

 

सतरंगा कोरबा जिले का एक प्रमुख पर्यटन स्थल माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में लोग घूमने पहुंचते हैं। लेकिन सड़क पर बढ़ती अव्यवस्था और कथित गैंग गतिविधियों के कारण पर्यटकों में डर का माहौल बनने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो पर्यटन प्रभावित हो सकता है।

 

प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार

 

अब सवाल यह उठ रहा है कि इस मामले की जानकारी पुलिस और माइनिंग विभाग तक पहुंचने के बाद क्या कार्रवाई होती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अवैध कोयला परिवहन पर रोक लगाने, सड़क पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

ग्रामीणों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की

 

क्षेत्रवासियों का कहना है कि सतरंगा रोड पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जाए। लोगों ने यह भी मांग की कि तेज रफ्तार और बिना नियमों के चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई कर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

 

सतरंगा रोड पर बढ़ती कथित अवैध गतिविधियों और सड़क पर फैलते भय के माहौल ने स्थानीय प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जिम्मेदार विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

Related Post