ANP News Live Raigrah जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में हाथियों को पत्थर मारकर और पटाखे फोड़कर भगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना शनिवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, छाल रेंज से निकले दो हाथी घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के छराटांगर क्षेत्र के खेतों में पहुंच गए। हाथियों के आने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और उन्हें खेतों से भगाने का प्रयास करने लगे।
वायरल वीडियो में कुछ लोग हाथियों पर पत्थर फेंकते और उनके पास पटाखे जलाकर फेंकते नजर आ रहे हैं। इस दौरान हाथियों को शोर-शराबा कर जंगल की ओर खदेड़ा गया।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा इस तरह की हरकतें नहीं करने की समझाइश दी।
घरघोड़ा प्रभारी रेंजर विक्रांत ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है। चिन्हित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगली हाथियों के दिखाई देने पर उन्हें उकसाने या भगाने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
