Anp News लखन लाल देवांगन ने किया जुबली पार्क का उद्घाटन, बालको की विकास यात्रा की सराहना

Anp News Live Korba भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा सिविक सेंटर स्थित नवीनीकृत जुबली पार्क का लोकार्पण छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया। कार्यक्रम में कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत, बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश कुमार सिंह, वार्ड-43 के पार्षद हितानंद अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में बालको के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

'बालको की वजह से क्षेत्र का संपूर्ण विकास संभव'

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि नवीनीकृत जुबली पार्क सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का बेहतर केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि बालको ने सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन, महिला सशक्तिकरण और अन्य जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर बढ़ते हैं तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि बालको की विकास यात्रा पूरे क्षेत्र के लिए एक आदर्श स्थापित करेगी।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ जुबली पार्क

अतिथियों ने पार्क का भ्रमण कर बच्चों के लिए विकसित आधुनिक खेल क्षेत्र, वरिष्ठ नागरिकों के विश्राम स्थल, ओपन जिम, योग प्लेटफॉर्म, हरित परिसर और आकर्षक वॉकिंग ट्रैक सहित अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने पार्क के आधुनिकीकरण की सराहना की।

सामाजिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है बालको : राजेश कुमार सिंह

बालको के सीईओ राजेश कुमार सिंह ने कहा कि कंपनी औद्योगिक विकास के साथ-साथ सामाजिक और नागरिक अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नवीनीकृत जुबली पार्क इसी प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जो नागरिकों को स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामुदायिक सहभागिता के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराएगा।

महापौर ने जताया आभार

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि बालको ने सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन, नेहरू नगर में नाला निर्माण सहित कई जनहितकारी परियोजनाओं के माध्यम से सामुदायिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने इस पहल के लिए बालको प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

स्वास्थ्य और सामाजिक मेलजोल का नया केंद्र बनेगा पार्क

वर्ष 1990 में बालको की रजत जयंती के अवसर पर स्थापित जुबली पार्क का आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास किया गया है। पार्क में बच्चों के लिए सुरक्षित खेल उपकरण, ओपन जिम, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विश्राम क्षेत्र, योग एवं ध्यान के लिए विशेष प्लेटफॉर्म और वॉकिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। यह पार्क भविष्य में स्वास्थ्य, फिटनेस, मनोरंजन और सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

Related Post