Anp News Live Korba कोरबा की उभरती हुई कथक नृत्यांगना नेहल साहू ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक प्रतियोगिता तरंग 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल कोरबा बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 4 से 7 जून तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से 300 से अधिक प्रतिभागियों ने नृत्य, संगीत और ललित कला की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच कोरबा के डीएवी स्कूल की छात्रा नेहल साहू ने अपनी मनमोहक कथक प्रस्तुति से निर्णायकों और दर्शकों का दिल जीत लिया।
नेहल ने उत्कृष्ट ताल-लय, भावपूर्ण अभिव्यक्ति और सधे हुए नृत्य कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया। उनकी प्रस्तुति को विशेष सराहना मिली और उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
नेहल साहू इससे पहले भी कई सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार और सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं। उनकी इस सफलता से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इस उपलब्धि का श्रेय नेहल ने अपने माता-पिता रामकुमार साहू और अहिल्या साहू के निरंतर सहयोग तथा अपनी कथक गुरु प्रीति चंद्रा के मार्गदर्शन को दिया है। नियमित अभ्यास, समर्पण और परिवार के प्रोत्साहन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
नेहल की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, गुरुजनों, सामाजिक संगठनों और नगरवासियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
